हाईवे पर घटनास्थल का निरीक्षण करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली में नेशनल हाईवे पर दिनदहाड़े बदमाशों ने कार चालक और युवक को बंधक बना लूटपाट की। लूटपाट के बाद बदमाश दोनों को कार में ही बंद कर चाबी निकलकर फरार हो गए।
मुजफ्फरनगर के मोहल्ला बागोवाली निवासी शाकिर पुत्र जमील सऊदी अरब में नौकरी करता है।
शाकिर ने मंगलवार को परिजनों को फोन किया था कि वह बुधवार को इंडिया लौट रहा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर आकर उसे ले जाना। परिजनों ने मुजफ्फरनगर के ही मोतीमहल रहने वाले कार चालक आबाद को बुधवार सुबह एयरपोर्ट से शाकिर को लेने भेज दिया था। शाम के करीब पांच बजे नेशनल हाईवे पर गांव भैंसी कट के पास अचानक पीछे से आए कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी को रुकवा लिया।
जिसके बाद चार बदमाशों ने हथियारों के बल पर चालक आबाद और शाकिर को बंधक बना लिया। इसके बाद बदमाशों ने पिस्टल से आतंकित करते हुए शाकिर से एक लैपटॉप और बैग में रखे सऊदी अरब के 3000 रियाल लूट लिए।
लूटपाट करने के बाद बदमाश गाड़ी की चाबी निकालकर मुजफ्फरनगर की ओर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए हाईवे पर घंटों भागदौड़ की। इसके बावजूद बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस ने शक के आधार पर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है।
कार धीमी चला रहा था चालक
इंस्पेक्टर केपी सिंह का कहना है कि चालक आबाद हाईवे पर कार कम स्पीड से चला रहा था। शक है कि चालक बदमाशों से मिला हुआ था। चालक ने ही लूट की घटना कराई है। चालक को हिरासत में ले लिया गया है। शीघ्र ही लूट की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।