मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर चलते कैंटर में शॉट सर्किट से आग लग गई। हादसे में कैंटर चालक आजमगढ़ के थाना अहरौला के गांव लंढोरा बनरपुरा निवासी राहुल (23) जिंदा जल गया। हाईवे से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। बाद में दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर आग को बुझाया।
बुलंदशहर के बहादुरगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में पीनाकी इंडस्ट्री कंपनी से राहुल कैंटर लेकर हरिद्वार के सिडकुल स्थित हेवल्स कंपनी के लिए निकला था। कैंटर में लगभग दस लाख रुपये कीमत के छत के पंखे के पार्ट्स लदे थे। शनिवार अलसुबह लगभग साढ़े पांच बजे वह नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली देहरादून हाईवे पर गांव नसीरपुर गांव के कट पास पहुंचा तो सीएनजी किट लगे कैंटर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। चालक कैंटर को हाईवे पर साइड में ले जाने लगा। इसी दौरान आग तेजी से फैल गई और चालक भी चपेट में आ गया।
चालक कैंटर में लगी आग में जिंदा जल गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस व दमकल विभाग टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने आग को बुझाया तब कैंटर में चालक का शव मिला।
सीओ मंडी रूपाली राव ने बताया कि कैंटर के नंबर की मदद से पीनाकी इंडस्ट्री कंपनी के मैनेजर अजय कुमार को सूचना दी। उन्होंने मृतक के परिजनों को बताया ।
पिता भी है ट्रक चालक
मृतक चालक राहुल का छोटा भाई राज कुमार है। उसके पिता मुन्ना उर्फ पलटन उर्फ निषाद दिल्ली की आजादपुर मंडी में ट्रक चालक हैं। पिता के साथ ही राहुल ने वाहन चलाना सीखा था। बहादुरगढ़ की कंपनी के कैंटर पर वह नौकरी करता था। पिता मुन्ना व कंपनी मैनेजर अजय कुमार आदि लोग हादसे की सूचना पाकर यहां पहुंचे।
दो साल पुराना था कैंटर
कंपनी मैनेजर अजय कुमार ने बताया कि कैंटर उनकी कंपनी का था, जो दो साल पहले ही खरीदा गया था। उनकी कंपनी मृतक चालक के परिजनों की आर्थिक मदद करेगी।