भोपा। पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक कराने के लिए पुलिस ने सीकरी के ग्राम प्रधान जमशेद, उसके भाइयों गुल सनव्वर, नौशाद समेत 31 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है।
गुल सनव्वर और उसकी माता भी जिला पंचायत सदस्य पद की उम्मीदवार हैं। दूसरी ओर विकास कार्यों में राष्ट्रपति से पुरस्कृत रुड़कली की महिला ग्राम प्रधान के पति डॉ. उस्मान और उनके भाई को एडीएम प्रशासन ने गुंडा एक्ट की कार्रवाई में जिला बदर कर दिया है। दस लोगों पर गैंगस्टर के मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
थानाध्यक्ष प्रमोद पंवार ने बताया कि पंचायत चुनाव के भावी प्रत्याशियों के प्रतिष्ठानों पर छापे की कार्रवाई की गई है। छापे में मोरना के ग्राम प्रधान महक सिंह के घर से 10 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई है।
पुलिस की दबिश की भनक लगते ही प्रधान घर से फरार हो गया। इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है। छापे के दौरान पुलिस ने भावी प्रत्याशियों के प्रतिष्ठानों पर चुनावी दावत के भंडारे बंद करा दिए हैं।
चुनाव आचार संहिता की जानकारी दी
मीरापुर। थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र के संभलहेड़ा, तुल्हेड़ी और भुम्मा को अति विशेष संवेदनशील श्रेणी तथा खेड़ी सराय, कैथोड़ा और सिकंदरपुर को अति संवेदनशील गांव के रूप में चिह्नित किया गया है। इन सभी गांवों में अधिकारी बैठक कर पंचायत चुनाव निष्पक्ष कराने के लिए आचार संहिता की जानकारी उम्मीदवारों और ग्रामीणों को दे रहे हैं।
सम्भलहेड़ा में हुई बैठक में एसडीएम उमेश कुमार मिश्र ने चुनाव प्रचार के दौरान वाहनों के चलाने, एजेंट्स की नियुक्ति, मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने संबंधी जानकारी ग्रामीणों को दी। सीओ कुंवर अनुपम सिंह ने कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में गांव के जिम्मेदार लोग मौजूद रहे।