मुजफ्फरनगर: जुमे की नमाज शांतिपूर्वक होने के बाद अफसरों के चेहरे की शिकन दूर हुई और कच्ची सड़क पर
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए अफसरों ने पूरे जोर लगा दिए। पिछले सप्ताह जैसा कोई बवाल न हो जाए इसका तनाव उनके चेहरे पर साफ नजर आया। हालांकि जैसे-जैसे नमाज का समय गुजरता गया अफसरों के चेहरे की रंगत बदलती गई।
जुमे की नमाज को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए अफसरों पर भारी दबाव था। शांति व्यवस्था भंग न हो तथा बीते सप्ताह जैसी स्थिति न हो जाए इसके लिए हर संभव कदम उठाए गए। सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, एसपी सिटी सतपाल आंतिल मीनाक्षी चौक पर तैनात रहे जबकि एडीएम प्रशासन अमित सिंह, सीओ सिटी दीक्षा शर्मा, सीओ मंडी हरीश भदौरिया कच्ची सड़क पुलिस चौकी पर मुस्तैद रहे। आसपास का पूरा क्षेत्र छावनी बना हुआ था। डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव भी शहर में घूमते रहे। जब तक नमाज का समय नहीं हो गया तब तक अफसरों के चेहरे पर हवाइयां उड़ी रहीं। शहर और जिले के विभिन्न हिस्सों में लगाए गए अफसरों से पल-पल की खबर लेते रहें। दो बजे तक नमाज संपन्न हो गई। ढाई बजे डीएम, एसएसपी कच्ची सड़क पुलिस चौकी पर मौजूद थे। सब कुछ शांतिपूर्वक निपट जाने के बाद अफसरों के चेहरे खिलखिला हुए। सब एक दूसरे से हंसते हुए बात करते नजर आए।
मदीना चौक पर भेंट किए गुलाब के फूल
मुजफ्फरनगर। दोपहर करीब दो बजे जब डीएम और एसएसपी को स्थानीय निवासियों ने गुलाब के फूल भेंट किए। उन्होंने दोनों अधिकारियों का शहर में शांति कायम करने के लिए आभार जताया। डीएम और एसएसपी ने भी नागरिकों के सहयोग का आभार जताया तथा इसी तरह शांति बनाए रखने का आह्वान किया।