आयात शुल्क कम होने से बढ़ेगी सराफा बाजार की चमक
मुजफ्फनगर/खतौली। कोरोना काल के बाद पेश हुए आम बजट ने सराफा बाजार को कुछ राहत दी है। बजट में सोने-चांदी पर लगने वाले आयात शुल्क को घटाकर 7.5 फीसदी कम करने की घोषणा की गई है। इससे सराफा बाजार की चमक और बढ़ने की संभावना बनी है। बजट पेश होने के बाद सोने के दाम में करीब एक हजार रुपये का अंतर आ गया है।
भगत सिंह रोड के सराफा कारोबारी सुरेंद्र अग्रवाल कहते हैं कि सोने-चांदी पर अभी तक 12.5 प्रतिशत आयात शुल्क लगता रहा है। वित्त मंत्री ने इसे घटाने की घोषणा की है। आयात शुल्क कम होने पर सोने के दाम में करीब एक हजार रुपये की कमी आ गई है। इससे कारोबार और अच्छा होगा।
उधर, खतौली के सराफा व्यापारी मोहित जैन का कहना है कि फिलहाल बाजार में व्यापार काफी मंद है। आयात शुल्क कम होने पर सोने के दाम कम होंगे। बाजारों में सोना खरीदने वालों की संख्या बढ़ेगी।
सराफा व्यापारी प्रवीण गुप्ता का कहना है कि इससे सट्टा बाजार के व्यापारियों को नुकसान हुआ। बाजारों में भी सोने के दाम कम होने से सोना खरीदने की ओर लोगों का रुझान बढ़ेगा। अभी तक सोने के दाम स्थिर रहने से ग्राहकी कम हो गई थी। अब दाम कम होने से ग्राहक बढ़ेंगे।
सराफ दीपक वर्मा ने कहा कि पिछले वर्ष सोना 40 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम था, लेकिन बाद में दाम 58 हजार रुपये तक पहुुंच गए थे। फिलहाल सोने का भाव 51 हजार रुपये चल रहा था। इसलिए अब ग्राहकों को राहत मिलेगी।
सर्राफा व्यापारी संजय वर्मा का कहना है कि जैसे ही सोने के दाम कम होते है, तब ग्राहक भी ज्यादा आते हैं। इसलिए बजट की घोषणा के बाद ग्राहकों की संख्या बढ़ सकती है।