मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र में मुठभेड़ में घायल बदमाश रिजवान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पुलिस ने जानसठ क्षेत्र में गढ़ी-तिसंग मार्ग पर एक बाइक सवार बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। गिरफ्तार बदमाश पर मेरठ और गाजियाबाद जनपदों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
रविवार की देर रात गढ़ी-तिसंग मार्ग पर पुलिस को चेकिंग के दौरान अहरोरा पुलिया के पास बाइक सवार दो युवक जाते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायरिंग करते हुए बदमाशों को घेरने का प्रयास किया। इस दौरान एक बदमाश फरार हो गया, जबकि दूसरा पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि घायल हुआ बदमाश रिजवान पुत्र इकराम निवासी बुगरासी जिला बुलंदशहर है। हाल में वह गाजियाबाद के कोतवाली थाना क्षेत्र के कैला भट्ठा में रहता है।
रिजवान पर गाजियाबाद और मेरठ जनपदों में लूट के करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से तमंचा , कारतूस व एक बाइक बरामद हुई है। सीओ धनंजय कुशवाह ने भी मुठभेड़ स्थल पर पहुंचकर बदमाश के संबंध में जानकारी ली। पुलिस फरार हुए बदमाश की तलाश कर रही है।