- मेधावी छात्र मनीष को इमरत सिंह स्मृति पुरस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। एसडी इंटर कॉलेज के सभागार में गौतम फाउंडेशन की ओर से यूपी बोर्ड में इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र मनीष कुमार को इमरत सिंह स्मृति पुरस्कार दिया गया। एसबीआई के मुख्य महा प्रबंधक विमल प्रसाद गौतम ने कहा कि जीवन का निर्माण पुरुषार्थ से होता है। यूपी बोर्ड में जिले में अनुसूचित वर्ग में सबसे ज्यादा 83 प्रतिशत अंक पाने वाले गांव नंगला रेत्ता निवासी मनीष कुमार को प्रतीक चिह्न एवं दस हजार की धनराशि अतिथियों ने भेंट की।
गौतम फाउंडेशन अध्यक्ष एवं एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक विमल प्रसाद गौतम ने कहा कि वंचित, शोषित, उपेक्षित वर्ग में शिक्षा का अंधियारा मिटना चाहिए। शिक्षा से ही समाजोत्थान संभव है। जय जवान जय किसान इंटर कालेज के प्रधानाचार्य रतन सिंह ने कहा कि आर्थिक दिक्कतें पढ़ाई में बाधक न बने, इसलिए प्रोत्साहन आवश्यक है। बीएसएनएल के पूर्व उप महाप्रबंधक बाबू सिंह बौद्ध ने कहा कि शिक्षा जीवन का आधार है। सचिव सत्येश्वर गौतम ने बताया कि संस्था प्रतिवर्ष अनुसूचित जाति के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करेगी।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन सचिव मनोज पुंडीर, रविंद्र चौधरी,अधिवक्ता राजबल राणा, कपिल कुमार, गांधी पॉलिटेक्निक प्रवक्ता बृजेंद्र सिंह, राहुल मनीषी ने विचार रखे। अतिथियों को प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया। बाल कलाकार ओम कुमार ने गिटार वादन की प्रस्तुति दी। शिवकुमार गौतम, राज कुमार मेनवाल, अरविंद कुमार, राजकुमार, उदयवीर मलिक, विपुल गौतम, अनिल कुमार, ब्रजबीर मलिक, श्री मति ज्योति, प्रियंका, निशा, राज रानी, आशा रानी आदि मौजूद रहे।