भैंसा बुग्गी दौड़ को लेकर दो पक्षों में मारपीट
जानसठ। गाव वाजिदपुर कव्वाली में भैंसा बुग्गी दौड़ को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दौड़ में भैंसें के हारने पर 60 हजार रुपयों के भैंस को 45 हजार रुपये में बेच दिया। एक पक्ष ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव वाजिदपुर कव्वाली निवासी कृष्णा पत्नी तारा सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका पुत्र नरेश सोमवार की सुबह भैंसा बुग्गी दौड़ाने के लिए गया था। गांव निवासी हरभजन व राजीव भी अपना भैंसा बुग्गी ले गए। तीनों में भैंसा बुग्गी की दौड़ प्रारंभ हो गई। गांव से चार पांच भैंसा बुग्गी दौड़ने लगी। दौड़ में नरेश का भैंसा दौड़ में जीत गया। बाकी सभी ग्रामीणों के भैंसों को हरा दिया। ग्रामीण राजीव 60 हजार रुपयों में भैंसा खरीद कर लाया था, दौड़ में हार जाने पर उसने 45 हजार रुपये में उस भैंसें को बेच दिया और दूसरा भैंसा ले आया। राजीव दौड़ जीतने वाले नरेश के घर जाकर दोबारा दौड़ करने को कहने लगा। नरेश के मना करने पर राजीव ने अपने परिजनों के साथ मिलकर नरेश के साथ मारपीट करते हुए उसे घायल कर दिया। नरेश की मां कृष्णा ने थाने में पुत्र के साथ मारपीट करने की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।