बसपा के मुस्लिम नेताओं और विधायकों ने पार्टी से निष्कासित कंवर हसन के बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ दिए बयान की निंदा की है। मुस्लिम नेताओं ने कहा कि कंवर हसन के बयान से वह आहत हैं। हम लंबे समय से पार्टी में हैं, हमने तो आज तक सजदा नहीं किया।
महावीर चौक स्थित बसपा कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता में विधायक नवाजिश आलम, नूरसलीम राना और पूर्व विधायक राव वारिस ने कंवर हसन के बयान की निंदा की। विधायक नवाजिश आलम ने कहा कि कंवर हसन की भाभी बसपा से 2009 में सांसद रही हैं। कंवर हसन स्वयं 2012 में विधानसभा का चुनाव बसपा से लड़ चुके हैं। 2014 में भी वह बसपा से लोकसभा लड़ चुके हैं, जो बीते सात-आठ साल से बसपा में हो, उन्होंने आज तक तो कभी नहीं कहा कि बहनजी सजदा कराती हैं।
कंवर हसन केवल मुसलमानों को बरगलाने का काम कर रहे हैं। टिकट कट गया तो उन्होंने बयान जारी कर दिया है। हम भी पार्टी में हैं हमसे तो किसी ने सजदा नहीं कराया। विधायक नूरसलीम राना ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से बसपा में है। उनके भाई पांच साल सांसद रहे हैं।
वह भी विधायक हैं, हमसे तो कभी सजदा नहीं कराया गया। पूर्व विधायक एवं थानाभवन के प्रत्याशी राव वारिस ने कहा कि कंवर हसन के पास कोई साक्ष्य हो तो पेश करें। झूठ बोलकर लोगों को गुमराह न करें। राजनीति में इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। वार्ता में कोआर्डिनेटर प्रदीप सैनी, यशवीर गौतम आदि मौजूद रहे।