मुजफ्फरनगर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला ने विकास क्षेत्र सदर के नौ परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति बहुत कम पाई गई। अध्यापकों को अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित कराए जाने के लिए निर्देशित किया।
बीएसए के निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय हरीनगर में पंजीकृत 132 में से 58 छात्र-छात्राएं ही उपस्थित मिलीं। उच्च प्राथमिक विद्यालय (1-8) मखियाली में पंजीकृत 541 में से 280, प्राथमिक विद्यालय चांदपुर-2 में पंजीकृत 67 में से 35, उच्च प्राथमिक विद्यालय (1-8) चांदपुर में 124 में से 62, प्राथमिक विद्यालय पचेंडा खुर्द में 141 में से 98, उच्च प्राथमिक विद्यालय (1-8) मेघाखेड़ी में 311 में से 118, प्राथमिक विद्यालय मेघाखेड़ी-1 में 174 में से 105, प्राथमिक विद्यालय पचेंडा कलां-1 में 121 में से 72 और प्राथमिक विद्यालय पचेंडा कलां-2 में पंजीकृत 122 में से 90 छात्र-छात्राएं ही उपस्थित पाए गए।
इसके अलावा सभी विद्यालय की भौतिक स्थिति एवं शैक्षिक स्तर संतोषजनक पाया गया। शौचालय व मल्टीपल हैंडवॉश यूनिट क्रियाशील अवस्था में मिले। मध्याह्न भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार बनाया गया। उन्होंने विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और इंचार्ज अध्यापक सहित समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं को नामांकन की सापेक्ष अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए निर्देश दिए।