बारिश में बदहाल हुई शास्त्री चौक नाले की पटरी
- फोटो : DEVBAND
बारिश में और बदहाल हो गई टूटी सड़कें
देवबंद (सहारनपुर)। सोमवार से रुक-रुककर हो रही रिमझिम बारिश ने पहले से टूटी पड़ी सड़कों की हालत और बिगाड़कर रख्र दी। कीचड़ से सनी सड़के पैदल ही नहीं वाहन चालकों के लिए भी परेशानी का सबब बन गई हैं। वहीं, मौसम विशेषज्ञ बारिश को फसलों के लिए लाभदायक बता रहे हैं। बारिश से किसानों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
देवबंद-चंदेना मार्ग, अंबहेटा शेखां मार्ग, देवबंद-रणखंडी मार्ग, नूरपुर, शुगर मिल रोड, साईंधाम मंदिर मार्ग आदि सड़कों की हालत बारिश में बद से बदतर हो गई है। इन सड़कों पर कीचड़ जमा होने से आने-जाने में भी लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बुधवार को शुगर मिल रोड पर कई दुपहिया वाहन फिसले। बता दें कि सोमवार से शुरू हुई बारिश बुधवार को भी दिनभर जारी रही। आलम यह था कि आसमान में काले बादल छाये होने के कारण दिन में भी रात जैसा नजारा देखने को मिला। वहीं, त्रिवेणी चीनी मिल की मौसम वैधशाला में तीन दिन के भीतर 22 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। मौसम वैधशाला इंचार्ज सुभाष वर्मा ने बताया कि इस बारिश से पाले का प्रकोप समाप्त हो जाएगा। रबी की फसलों के लिए यह बारिश वरदान साबित होगी। बताया कि बारिश से तापमान में भी गिरावट आई है। प्रयोगशाला में बुधवार को अधिकतम तापमान 12 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। बारिश के साथ ही ठंड बढ़ने से लोग घरों में ही कैद होने को मजबूर हो गए।
बारिश में बदहाल हुई देवबंद-शुगर मिल रोड- फोटो : DEVBAND