मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खेलो इंडिया से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिला है। एशियाई, कॉमनवेल्थ खेलों में जो खिलाड़ी मेडल लेकर आएंगे, यूपी में सरकारी नौकरी उनका इंतजार कर रही है। अब तक पांच सौ से अधिक खिलाड़ियों को नौकरी दी गई है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से रोजगार के रास्ते खुलेंगे।
केलापुर जसमौर के भगवंत इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में आयोजित रोजगार मेले और स्मार्टफोन वितरण समारोह में सीएम ने कहा कि 2017 से पहले जब सरकारी नौकरी निकलती थी तो मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर को बाहर कर दिया जाता था। अब कोई भी नौकरी निकलती हो तो यहां का नौजवान और बेटी भी सरकारी नौकरी में हिस्सा मिलता है। दो वर्ष में दो लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देनी है। मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनने से पश्चिम यूपी के खिलाड़ी मेडल लाएंगे। यूपी देश का सबसे युवा राज्य है। सीएम ने सपा पर निशाने साधे। साथ ही यह भी कहा कि वो लोग बांटने का काम कर रहे हैं। दंगों की आग में फिर से झोंकना चाहते हैं। आप सावधान रहना। वो लोग जातियों में बांटने की कोशिश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कह चुके हैं कि देश में गरीब, युवा, किसान और महिला सिर्फ चार ही जातियां हैं। सरकार आपके साथ खड़ी है। डबल इंजन की सरकारी आकांक्षाओं की पूर्ति करेगी।