महिला को ब्लैक फंगस पुष्टि, ऋषिकेश एम्स रेफर
मुजफ्फरनगर। जिले में एक और मरीज ब्लैक फंगस का मिला है। शहर में ईएनटी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए आई महिला को जांच में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। महिला को उपचार के ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया है। जिले में अब तक पांच मरीज ब्लैक फंगस के मिल चुके हैं। जिनमें से मौलाहेड़ी के मरीज की मेरठ मेडिकल में मौत हो चुकी है।
शहर में रेलवे रोड स्थित ईएनटी विशेषज्ञ डॉ एमके तनेजा ने बताया कि गांव बढ़ीवाला निवासी महिला को नाक में परेशानी थी। वह उपचार के लिए उनके यहां आई थी। चेक करने पर ब्लैक फंगस का अंदेशा होने पर महिला की जांच कराई गई जो पॉजिटिव आई। महिला को ब्लैक फंगस की पुष्टि होने पर उसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया है। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग को भी अवगत करा दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले अंबेहटा की महिला उपचार के लिए जिला अस्पताल आई थी, उसे भी ब्लैक फंगस की पुष्टि होने पर मेरठ मेडिकल रेफर किया गया था। जिले में लगातार ब्लैक फंगस के मामले सामने आ रहे हैं, जिसका यहां कोई उपचार नहीं है। मरीजों को मेरठ और ऋषिकेश रेफर किया जा रहा है।