रतनपुरी । भाकियू युवा के जिलाध्यक्ष और रतनपुरी की प्रधान के पति कपिल सोम की हिस्ट्रीशीट खोले जाने के विरोध में कार्यकर्ताओं ने रतनपुरी थाने का घेराव किया और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस-प्रशासन के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत बेनतीजा रहने के बाद भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने एलान किया कि कार्यकर्ता थाने से नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस की प्रतिष्ठा की बात है तो किसानों की भी प्रतिष्ठा है।
मंगलवार सुबह से ही भाकियू कार्यकर्ता थाने पर पहुंचने शुरू हो गए थे। वक्ताओं ने कहा कि भाकियू नेता की हिस्ट्रीशीट बंद की जाए और यह कार्रवाई करने वाले तत्कालीन एसओ को लाइन हाजिर कर जिले से बाहर भेजा जाए। देर शाम तक धरना प्रदर्शन जारी रहा। इस बीच धरने पर पहुंचीं एसडीएम खतौली अपूर्वा यादव, सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह, ईएक्सएन खतौली देवेंद्र कुमार सिंह ने भाकियू के प्रतिनिधिमंडल से सभी मुद्दों पर वार्ता की लेकिन बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला।
किसानों के बीच पहुंचे भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों का इलाज करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। किसानों के दो किलोवाट के कनेक्शन को बढ़ाकर चार किलोवाट किया जा रहा है। सभी किसान एकजुट होकर सरकार की निरंकुशता का विरोध करें।
जिलाध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि यह प्रशासन की ज्यादती है कि वो किसानों को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। भाकियू कार्यकर्ताओं को निशाना बनाते हुए उनकी हिस्ट्रीशीट खोली जा रही है। उन पर गैंगस्टर और गुंडा एक्ट जैसी निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
युवा मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि मांगें पूरी न होने की स्थिति में कार्यकर्ता जेल जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे। चेयरमैन जहीर फारुकी, बाबूराम तोमर, ओमपाल मलिक ने विचार रखें। अध्यक्षता ओमप्रकाश शर्मा और संचालन प्रमेन्द्र ढाका ने किया।
-
इनसेट
ये रहे मौजूद
धरने में धीरज लटियान, नवीन राठी, नीरज पहलवान, बिजेंद्र बालियान, खाप चौधरी वीरेंद्र लटियान, अनुज बालियान, संजय त्यागी, राहुल अहलावत, सतेन्द्र चौहान, नावला प्रधान अनुज त्यागी, संदीप सोम, संजीव पंवार, बिट्टू ठाकुर, आशु त्यागी, अंकुर चौधरी, सचिन चौधरी, रंधोल राठी, सर्वेद्र प्रधान, अंकुर चौधरी मौजूद रहे।
-
थाना परिसर में चढ़ाई भट्ठी, शरबत बांटा
धरने में किसानों के भोजन के लिए थाना प्रांगण में ही भट्ठी चढ़ाई गई। किसानों को दाल चावल तथा मीठे शरबत का वितरण किया गया। कार्यकर्ता भारी संख्या में निजी वाहनों से पहुंचे, जिस कारण खतौली व बुढ़ाना मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ।
जालिम सरकार, केजरीवाल को जेल में मारकर छोड़ेंगे : टिकैत
रतनपुरी । भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि सरकार जालिम है। आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में धीमा जहर दिया जा रहा है, मारकर छोड़ेंगे। किसान के सोने के भाव की जमीन कौड़ियों के भाव चली गई। पुलिस वालों से कहा कि तुम्हारे भी बच्चे हैं, सुधर जाओ। निवर्तमान एसएसपी पर कटाक्ष किया कि वह कभी हंसे ही नहीं थे।
रतनपुरी थाने में धरने के दौरान टिकैत ने कहा कि कुछ वक्ता जेल भरो आंदोलन की बात कह रहे थे। किसानों से आह्वान किया कि इसकी हामी मत भर लेना। इसके बाद टिकैत ने दिल्ली के मुख्यमंत्री का उदाहरण देते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को मारकर छोड़ेंगे। किसानों को एकजुट होना पड़ेगा, इसके बाद ही हक मिलेगा। किसानों के लिए परीक्षा की घड़ी है। जमीन छीनने की साजिश रची जा रही है। जो कार्यकर्ता संगठन छोड़कर गए थे, उन्हें वापस आना पडे़गा, इसके अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है। कुछ लोगों ने जयचंद बनकर गाजीपुर बॉर्डर पर भी धोखा किया था।