जानसठ तहसील में धरना देते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : KHATAULI
भाकियू का तहसील में 9वें दिन भी धरना जारी
जानसठ। गांव घटायन में खाद के गड्ढों की भूमि को प्रशासन द्वारा सार्वजनिक शौचालय के लिए खाली कराने के विरोध में भाकियू का तहसील में 9वें दिन भी बेमियादी धरना जारी रहा।
गांव घटायन में गांव के पास ग्रामीणों के खाद के गड्ढे थे। कुछ लोगों का कहना है कि इन गड्ढों को वे कई वर्षों से खाद आदि को इस्तेमाल करते चले आ रहे थे। ग्राम प्रधान द्वारा गांव में सार्वजनिक शौचालय बनवाने के लिए ग्राम समाज की भूमि को खाली कराने के लिए एसडीएम को शिकायत की थी। एसडीम द्वारा टीम बनाकर जांच कराई गई, तो खाद के गड्ढों की भूमि ग्राम समाज की बंजर भूमि निकली। जिसको खाली कराने को कई दिनों से ग्राम प्रधान गांव के ग्रामीणों को समय देते रहे।
एक अक्तूबर को प्रधान की शिकायत पर एसडीएम अमृतपाल कौर ने पुलिस व राजस्व टीम को भेजकर ग्राम समाज की भूमि को खाली करा दिया था। जिसके विरोध में भाकियू ने एक अक्तूबर की रात्रि को ही एसडीएम कार्यालय के सामने बेमियादी धरना शुरू कर दिया था। भाकियू का धरना नौ दिन से चला आ रहा है। धरने पर तहसील अध्यक्ष अशोक चौधरी, एलडीबी के चेयरमैन नरेंद्र सिंह, महकार सिंह, नवीन सिंह, मदन सैनी, सेंसरपाल, खालिद गुर्जर आदि मौजूद रहे।