मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ता छह जुलाई को बिजनौर के लिए कूच करेंगे। आलोपुर गांव के किसानों को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन किया जाएगा। संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि मुजफ्फरनगर से सैकड़ों कार्यकर्ता बिजनौर जाएंगे। नजीबाबाद तहसील के आलोपुर गांव में एक किसान अपनी निजी जमीन में गेट खोलने पर कानूनी लड़ाई लड़ रहा था, राजस्व विभाग ने किसान की सुनवाई नहीं की। प्रशासन पर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का आरोप है। संगठन के संरक्षक बाबा राजेंद्र सिंह मलिक के नेतृत्व में जानसठ के खतौली तिराहे से सुबह 10 बजे दोनों जनपदों के हजारों कार्यकर्ता बिजनौर के लिए रवाना होंगे। संगठन का कहना है कि जब तक बिजनौर के कार्यकर्ताओं की रिहाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। ब्यूरो