मुजफ्फरनगर। मेघा खेड़ी के ग्रामीण पर नई मंडी कोतवाली पुलिस द्वारा गैंगस्टर की कार्रवाई करने से क्षुब्ध भाकियू ने एसएसपी कार्यालय में धरना दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मंगलवार को दोपहर के समय भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजू अहलावत के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय परिसर में ही बैठकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान यूनियन कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
धरने पर बैठे जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने बताया मेघा खेड़ी के ग्रामीण रजनीकांत को पुलिस ने झूठे मामलों में फंसाकर उसके ऊपर गैंगस्टर की कार्रवाई की। एक और मामले में भैंसी के चार निर्दोष युवक जेल में बंद हैं। उनके मामले में जांच कर कार्रवाई करने की कई बार प्रशासन से बात हो चुकी है, लेकिन दोनों मामलों में अधिकारियों से बात करने के बाद भी पुलिस कुछ नहीं कर रही है।
एसएसपी कार्यालय में मौजूद सीओ डॉ. तेजबीर सिंह ने यूनियन नेताओं से बात करनी चाही तो उन्होंने एसएसपी के अलावा किसी से भी बात करने से इंकार कर दिया। बाद में एसएसपी ने धरना स्थल पर पहुंचकर बात कर मामले में जांच करने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन पर किसानों ने धरना खत्म कर दिया।
उधर, पुलिस ने कहा गैंगस्टर के आरोपी रजनीकांत के खिलाफ शराब के दर्जनों मुकदमे कई थानों में दर्ज हैं। दो माह पूर्व कोतवाली क्षेत्र में उसके पास से शराब की 108 पेटी पकड़ी थी, इसलिए उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की और भैंसी वाले मामले में जांच की जा रही है। धरने की अध्यक्षता अजीत सिंह ने की। संचालन नीरज पहलवान ने किया।