पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित पिछड़ा वर्ग प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि गाजियाबाद के मेयर आशु वर्मा ने कहा कि जब भी पिछड़ा वर्ग भाजपा के साथ खड़ा हुआ, देश और प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनी है। केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी सरकार पिछड़ों की ही देन है।
भोपा रोड पर एक बैंक्वट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में आशु वर्मा ने कहा कि बीजेपी ने पिछड़ों पर विश्वास जताया है। पिछड़े वर्ग का 80 प्रतिशत तबका खेती किसानी से जुड़ा है। किसानों को यूरिया आसानी से उपलब्ध कराया गया। खेती का बीमा कराया गया। गरीबों और किसानों की आर्थिक उन्नति के लिए कई कार्यक्रम चलाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो स्वयं एक गरीब परिवार से आते है, उन्होंने 2020 तक सभी परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का बीड़ा उठाया है।
हर पात्र को मकान की सौगात मिलेगी। कौशल विकास योजना में युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। उज्ज्वला योजना में गरीब के घर में रसोई का गैस का चूल्हा दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अति पिछड़ों को नेतृत्व में बराबर की भागीदारी देने का काम भी बीजेपी कर रही है। खतौली विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि बीजेपी पिछड़े वर्ग के लोगों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। मेरे जैसा गरीब परिवार का व्यक्ति अगर विधायक है, तो यह केवल बीजेपी की ही देन है।
विधायक कपिलदेव अग्रवाल, उमेश मलिक, गाजियाबाद से आए संजय कश्यप, मुखिया गुर्जर ने भी विचार रखे। रागिनी गायक संतराम बंजारा ने पीएम नरेंद्र मोदी पर बनाई रागिनी सुनाई। संचालन तेजपाल सैनी ने किया। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग की प्रतिभा सीताराम बंजारा, शिवचरण सैनी सहित सैकड़ों लोगों को सम्मानित किया गया। अध्यक्षता अमरनाथ आचार्य और संचालन तेजपाल सैनी ने किया।
सम्मान सूची में नाम नहीं आने पर किया हंगामा
मुजफ्फरनगर। पिछड़ा वर्ग सम्मान समारोह में आयोजकों की उम्मीद से कहीं ज्यादा भीड़ आ गई। व्यवस्था में इससे व्यवधान पैदा हो गया। ऐसे बहुत से लोग रह गए, जिन्हें पुरस्कार देने के लिए बुलाया गया और स्टेज से उनका नाम नहीं बोला गया। इसे लेकर कार्यक्रम के दौरान कई बार हंगामे के हालात पैदा हो गए। प्रजापति समाज के देवेंद्र प्रजापति ने आरोप लगाया कि उनके समाज के पांच लोगों को सम्मानित करने की बात कही गई थी, लेकिन केवल एक ही व्यक्ति को सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के बाद भी अव्यवस्था का माहौल रहा।