मुजफ्फरनगर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खां ने कहा कि यूपी में बीजेपी की सरकार आई तो पूरा देश नर्क में चला जाएगा। आजम खां ने इलेक्ट्रानिक मीडिया पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान मुझे बदनाम करने वाला चैनल का मालिक जेल में होता यदि कोर्ट से स्टे नहीं मिलता। इतिहास केवल प्रिंट मीडिया का होगा।
विकास भवन में ई-रिक्शा वितरण समारोह में आजम खां इलेक्ट्रानिक मीडिया से व्यथित नजर आए। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगे में हमारा नाम घसीटकर बदनाम किया गया। सुप्रीम कोर्ट से स्टे नहीं होता तो वह जेल में होता।
हमें बिना मुजरिम के सजा दी गई। मैं किसी चैनल की वजह से विधायक और मंत्री नहीं बना हूं। चंद चांदी के सिक्कों के लिए समाज को दूषित नहीं किया जाना चाहिए। टीवी पर आधी सच्चाई क्यों दिखाई गई। दंगे में जलते घर तो दिखाए गए, लेकिन जलाने वाले नहीं दिखाए। हत्या तो दिखाई, हत्यारे नहीं दिखाए।
बलात्कार पीड़ित महिला तो दिखाई, बलात्कारी नहीं दिखाए। उन्होंने कहा कि चैनल की खबरों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। नफरत फैलाकर बड़ी कुर्सी तक पहुंच तो सकते हो, ज्यादा दिन टिक नहीं सकते। आजम खां ने कहा कि जब मैं पैर से रिक्शा चलाते गरीब लोगों को देखता हूं तो मुझे दुख होता है। प्रदेश में ऐसे डेढ़ लाख लोगों को मुफ्त रिक्शा दी जा रही है। आसरा योजना में गरीब लोगों को मुफ्त आवास भी दिया जाएगा। बीजेपी ने भी हमारी तर्ज पर कुछ लोगों को ब्याज पर रिक्शा दिया है, गरीबों के छप्पर तक बिकवा दिए।