भाजपा ने तीमारदारों को भोजन के पैकेट बांटे
मंसूरपुर। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज के पास कैंप लगाकर मरीजों के तीमारदारों, मेडिकल में कार्य करने वाले कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों को भोजन के पैकेट बांटे। कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते मेडिकल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों की सहायता करने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान के सहयोग से बेगराजपुर मेडिकल कालेज पर तीमारदारों के बैठने तथा भोजन वितरण के लिए कैंप लगाया गया। सोमवार को मेडिकल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों, सुरक्षा कर्मचारियों, मेडिकल के कर्मचारियों तथा अन्य लोगों को भोजन के पैकेट वितरित किए गए। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉक्टर संजीव बालियान ने बताया कि भोजन के पैकेट बांटने की व्यवस्था विशेष रूप से मरीजों के तीमारदारों के लिए की गई है, जो मेडिकल के आसपास रुके हुए हैं। भोजन वितरण में मंडल अध्यक्ष मनोज राठी, प्रियंक घासीपुरा, कुशल कुमार प्रधान, यश गोयल बोपाडा, नंदकिशोर पांचाल, रामकुमार बलराज बोपाड़ा आदि का सहयोग रहा।