हैदरपुर वेटलैंड पर आज जुटेंगे पक्षी प्रेमी
मुजफ्फरनगर। गंगा बैराज के पास स्थित हैदरपुर वेटलैंड पर आज पक्षी एवं पर्यावरण प्रेमियों का जमावड़ा लगेगा। वर्ल्ड वेटलैंड डे पर आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल होंगे। कई दिनों से चल रही कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे पर गंगा बैराज के पास हैदरपुर झील इन दिनों बड़ी तादाद में विदेशी और स्थानीय पक्षियों से गुलजार है। मंडलायुक्त सहारनपुर संजय कुमार एवं वन संरक्षक वीके जैन के प्रयासों से इस स्थान के विकास का काम तेजी से चल रहा है। साथ ही वेटलैंड को बायो डायवर्सिटी पार्क के रूप में विकसित करने का करीब चार करोड़ 43 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। रविवार को वर्ल्ड वेटलैंड डे पर यहां दो दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत होगी। वन संरक्षक वीके जैन ने बताया कि कार्यक्रम में पक्षी विशेषज्ञ शामिल होंगे। स्कूलों के छात्र-छात्राओं को पक्षियों की विशेषताओं और इस स्थान की महत्ता के बारे में बताया जाएगा। उन्होंने बताया कि यहां पर विदेशी एवं स्थानीय पक्षियों की करीब 235 प्रजातियां मौजूद हैं।