ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार की मौत
मुजफ्फरनगर, छपार। ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। छपार थाना क्षेत्र के गांव सिसौना के मजरा बल्लूपुरा निवासी महीपाल का 19 वर्षीय बेटा आकाश गांव रामपुर स्थित गत्ता फैक्टरी में नौकरी करता है। शुक्रवार सुबह आठ बजे वह बाइक से ड्यूटी जा रहा था। जैसे ही वह रामपुर-रेई लिंक मार्ग पर पहुंचा, सामने से आती तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार आकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी भेजते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर पवन शर्मा ने बताया कि युवक के पिता महीपाल ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।