हादसे में बाइक सवार की मौत, साथी घायल
खतौली (मुजफ्फरनगर)। नेशनल हाईवे पर ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। उसका साथी घायल हो गया। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हिमाचल प्रदेश के पोल्टा बोरागमंडी निवासी अनिल कुमार अपने साथी टुनटुन गिरि, निवासी छपरा (बिहार) के साथ बाइक द्वारा दिल्ली की ओर जा रहा था। बाइक टुनटुन गिरि चला रहा था, जबकि अनिल कुमार पीछे बैठा हुआ था। जब वे नेशनल हाईवे पर भैंसी कट के समीप पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस कारण बाइक सवार अनिल ट्रक के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका साथी टुनटुन गिरि घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। टुनटुन गिरि ने बताया कि वे उत्तराखंड के भगवानपुर स्थित एक फैक्टरी में काम करते हैं। वह किसी काम से आगरा जा रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ज्ञान प्रकाश मिश्रा पुत्र बिजेंद्र नाथ मिश्रा, निवासी खटीमा ऊधमसिंह नगर उत्तराखंड की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।