- रामपुर कांटे के पास हुआ हादसा, दो महिलाएं घायल
- दोनों महिलाओं की भी हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर किया
(फोटो समाचार)
संवाद न्यूज एजेंसी
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के रामपुर कांटे के पास बाइक सड़क पार कर रही नील गाय से टकराई। जिसमें बाइक सवार किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार उसकी दादी व चाची गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल दोनों महिलाओं को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
गांव कल्याणपुर निवासी जाकिर सलमानी परिवार सहित दिल्ली में रहता है। मंगलवार को जाकिर अपने बच्चों सहित शादी में शामिल होने के लिए अपने गांव कल्याणपुर आया हुआ था। दोपहर बाद उसकी रिश्तेदारी में मौत की सूचना मिली तो उसका बेटा सारिक (17) अपनी दादी मेहरोज पत्नी नसीर तथा चाची इमराना पत्नी वाजिद के साथ सरधना थाना क्षेत्र के गांव कुलंजन जा रहे थे। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे जब ये लोग रामपुर कांटे के पास पहुंचे, तो इनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क पार कर रही नील गाय से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार सारिक, उसकी दादी मेहरोज और चाची इमराना गंभीर रूप घायल हो गई।
हेलमेट न होने के कारण सारिक के सिर में काफी चोट आई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को खतौली अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने सारिक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना पर परिजन भी खतौली अस्पताल पहुंचे। पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी है। सारिक दिल्ली में इंटरमीडिएट का छात्र था। जबकि उसके पिता जाकिर दिल्ली में सैलून चलाते हैं। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था।