- तहसीलदार के आश्वासन पर जाति प्रमाण पत्र के लिए चल रहा धरना किया था समाप्त
(फोटो समाचार)
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ। तहसीलदार के आश्वासन पर भुईयार समाज के लोगों ने जाति प्रमाण पत्र बनवाने की मांग को लेकर चल रहे धरना-प्रदर्शन को समाप्त कर दिया था। लेकिन शुक्रवार को लिखित आदेश नहीं होने से नाराज भुईयार समाज के लोगों ने फिर से धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
तहसील जानसठ के गांव बहुपुरा, बेलड़ा, भोकरहेड़ी, रहकड़ा गांव के भुईयार समाज के लोगों ने जाति प्रमाण पत्र बनवाने की मांग को लेकर तीन दिनों तक तहसीलदार कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। धरनारत लोगों को कहना था कि भुईयार समाज से होने के कारण उनके जाति प्रमाण पत्र पहले से बनते आ रहे थे। सन 2018 से तहसील से प्रमाण पत्र बनने बंद हो गए हैं।
बृहस्पतिवार को धरने पर पहुंचे भाकियू के तहसील अध्यक्ष बिट्टू ठाकुर, पंडित ओमप्रकाश शर्मा, धर्मवीर राठी सहित कई कार्यकर्ताओं ने अपना समर्थन दिया था। तहसीलदार राधेश्याम गौंड ने लेखपालों के साथ गांवों में पहुंच कर जांच कर कुछ जाति प्रमाणपत्र भी जारी कर दिए थे। इसके बाद आश्वासन पर धरना-प्रदर्शन समाप्त हो गया था।
शुक्रवार सुबह तहसील में फिर से भुईयार समाज के लोग धरने पर बैठ गए। लोगों का कहना था कि तहसीलदार ने सभी समाज के लोगों का जाति प्रमाण पत्र जारी करने का उनको लिखित आदेश नहीं दिया है। जब तक लिखित आदेश नहीं मिलेगा, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। धरना देने वालों में, बिजेंद्र, संदीप, हरिप्रकाश, विनीत कुमार, राजेंद्र सिंह, प्रदीप, विकास, रमेश, पूरन सिंह, शशि, विनोद, शशि, सुरेश चंद मौजूद रहे।