संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ। तहसील में भूईयार समाज के लोगों ने जाति प्रमाणपत्र बनवाने की मांग को लेकर दूसरे दिन भी धरना प्रदर्शन किया। तहसीलदार ने बुधवार को भूईयार जाति का प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया। मगर ज्ञापन रिसीव करने पर सहमति नहीं बनी। इसी वजह से धरना समाप्त नहीं हो सका।
तहसील जानसठ के गांव बहुपुरा, बेलड़ा, भोकरहेड़ी, रहकड़ा आदि गांव के रहने वाले भूईयार समाज के लोगों का बुधवार को भी धरना-प्रदर्शन जारी रहा। इन लोगों ने जाति प्रमाणपत्र बनवाने की मांग को लेकर तहसीलदार कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। धरनारत लोगों को कहना था कि भूईयार समाज से होने के कारण उनके जाति प्रमाणपत्र पहले से बनते आ रहे थे। सन् 2018 से तहसील से प्रमाण पत्र बनने बंद हो गए हैं। उनका कहना था कि प्रमाण पत्र नहीं मिलने के कारण उनको आरक्षण का लाभ नहीं मिल रहा है। इससे समाज के बच्चे शिक्षा से वंचित हो रहे हैं। इसके अलावा पुलिस भर्ती की अंतिम तिथि 16 जनवरी है।
तहसीलदार राधेश्याम गौंड ने बताया कि जांच के बाद भूईयार समाज के एक युवक का जाति प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया गया है। इसके अलावा जो भी ऑनलाइन आवेदन करेगा। लेखपाल से जांच कराकर उनके भी प्रमाणपत्र जारी कर दिए जाएंगे। धरना-प्रदर्शन करने वालों में, बिजेंद्र, संदीप, हरिप्रकाश, विनीत कुमार, राजेंद्र सिंह, प्रदीप, विकास, रमेश, पूरन सिंह, शशि, विनोद, शशि, सुरेश चंद मौजूद रहे।