शुक्रवार को गांव लाया गया शव, गमगीन माहौल में सुपुर्द ए खाक किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना (मुजफ्फरनगर)। हिमाचल प्रदेश में कबाड़ी का काम करने वाले भोकरहेड़ी निवासी युवक की हत्या से परिवार में शोक छाया है। शुक्रवार को मृतक के शव को भोकरहेड़ी स्थित आवास पर लाया गया। गमजदा माहौल में शव को सुपुर्द ए खाक किया गया।
भोकरहेड़ी कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी मांगे का 28 वर्षीय पुत्र राजू हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जनपद के गांव सुजानपुर में कबाड़ी की दुकान पर काम करता था। 29 जून की सुबह राजू का शव सड़क पर पड़ा मिला था। पिता मांगे ने जानकारी दी कि मुजफ्फरनगर जिले के थाना चरथावल क्षेत्र के गांव दधेडू निवासी तीन युवक राजू के साथ रहते थे। आरोप है कि तीनों ने राजू से नकदी और मोबाइल छीन कर उसकी हत्या कर दी। पोस्टमार्टम के उपरांत शव को भोकरहेड़ी लाया गया। शव को गमजदा माहौल में सुपुर्द ए खाक किया गया। राजू की मौत से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।