घटना के बाद आरोपी चालक डीसीएम छोड़कर फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में भोपा पुल के पास 70 वर्षीय वृद्ध की डीसीएम से कुचल कर मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है ।
बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे गांधीनगर निवासी 70 वर्षीय बुध सिंह भोपा पुल के पास एआरटीओ ऑफिस की तरफ से शहर आने के लिए सड़क किनारे बैठे हुए थे। उन्हें वाहन का इंतजार था। इस दौरान लोडिंग पार्सल वाला डीसीएम वहां पर खड़ा हुआ था। चालक ने डीसीएम को पीछे हटाया तो उसकी चपेट में बुजुर्ग आ गए। डीसीएम से कुचल कर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों के शोर मचाने पर चालक डीसीएम को छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराई। मंडी कोतवाली प्रभारी सुशील सैनी का कहना है कि बुध सिंह फैक्टरी में चौकीदारी का काम करते थे। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।