भोपा में प्रदर्शन कर रहे भाकियू कार्यकर्ताओं को समझाते एसपी देहात ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पुलिस रवैये के खिलाफ भाकियू ने थाना घेरा
भोपा। गांव नंगला बुजुर्ग में गंगनहर से रेत निकालने पर की गई पुलिस कार्रवाई से नाराज भाकियू ने शनिवार को थाने पर धरना देते हुए पकड़े गए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ने की मांग की। देर रात तक भाकियू कार्यकर्ता थाने पर मौजूद रहे। वहीं, एहतियातन भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग में गंगनहर के पास बृहस्पतिवार को बड़े पैमाने पर किए जा रहे रेत खनन को पुलिस ने रुकवा दिया था। पुलिस ने कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी पकड़कर थाने में खड़ा कर दिया था। वहीं, रेत लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तो नायब तहसीलदार की गाड़ी में टक्कर मार दी थी। वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाने के लिए पुलिसकर्मियों पर हमला भी कर दिया गया था। शनिवार को भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान, सरवेंद्र राठी, विकास, बिट्टू प्रधान व योगेश शर्मा के नेतृत्व में काफी ग्रामीण थाने पर पहुंचे और रेत खनन में पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को छोड़ने की मांग की। भाकियू कार्यकर्ताओं ने थाना पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कुछ आरोपियों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां छोड़ने का आरोप लगाया। सूचना पर एसडीएम जानसठ अनुज मलिक व एसपी देहात नेपाल सिंह थाने पर पहुंचे और पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जुर्माना कम कर छोड़ने का आश्वासन दिया, लेकिन भाकियू कार्यकर्ता बिना किसी जुर्माने के ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ने की मांग पर अड़े रहे। संगठन के जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़ने तक धरना जारी रहने की चेतावनी दी। देर रात तक भाकियू कार्यकर्ता थाने पर डटे हुए थे। एहतियातन सीओ भोपा राममोहन शर्मा, इंस्पेक्टर एमएस गिल के साथ ही ककरौली व छपार थाना पुलिस को भी मौके पर तैनात किया गया है।