पुरकाजी। चेयरमैन एवं भाकियू प्रदेश महासचिव जहीर फारूकी के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कार्रवाई करने से भाकियू खफा है।
20 जनवरी को पुरकाजी क्षेत्र के गांव हरिनगर के एक खेत से एक तोप निकाली थी। पुलिस ने तोप को कब्जे में लेने का प्रयास किया था। जिस पर राकेश टिकैत, जहीर फारूकी ने तोप देने से इंकार कर दिया था। पुलिस ने रात में भारी पुलिस फोर्स के साथ सूली वाला बाग पर पहुंचकर तोप को अपने कब्जे में लेकर आगरा जांच के लिए भिजवा दिया था। प्रशासन द्वारा जहीर फारूकी व उनके समर्थकों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर थी। पुलिस ने एक सप्ताह पूर्व उनके दो समर्थकों को एक मामले में नोटिस भी दिए थे। इसके अलावा कस्बे में नगर पंचायत द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की भी लगातार जांच कराई जा रही है। शनिवार को एसएसपी के आदेश पर पुरकाजी पुलिस द्वारा जहीर फारूकी की 11 वर्षों से बंद पड़ी एचएस की निगरानी को चालू कर देने से भाकियू बेहद खफा नजर आ रही है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि इसे लेकर भाकियू जल्द ही एक्शन लेने वाली है। सोमवार को कस्बे में भाकियू द्वारा एक प्रेस वार्ता करेगी। इस संबंध में जहीर फारूकी और मांगेराम त्यागी आदि नेताओं से जानकारी की गई तो उन्होंने भी इसकी पुष्टि की है।