मुजफ्फरनगर। दिवाली की देर रात तेज आवाज वाले पटाखे जलाने से मना करने पर तीन युवकों ने एक युवक से मारपीट की। उसे छत से फेंक दिया। ऐसा आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया गया है। कूकड़ा मोहल्ला निवासी शीला ने नई मंडी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। लिखाया गया कि 31 अक्तूबर की रात मोहल्ला का ही पुरुषोत्तम देर रात तेज आवाज वाले पटाखे जला रहा था। उनके पोते अजय ने छत पर खड़े होकर उसे मना किया। आरोप है कि आरोपी युवक ने अपने दो दोस्तों के साथ छत पर पहुंच कर उनके पोते के साथ मारपीट की और उसे छत से नीचे फेंक दिया, जिसके उनके पोते की हाथ की हड्डी टूट गई। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। उपचार के लिए जिला अस्पताल से उनके पोते को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।