बसेड़ा गांव सैनिटाइज कराया, मरीज के परिजन हुए क्वारंटीन
मुजफ्फरनगर, छपार। बघरा में क्वारंटीन केंद्र में महाराष्ट्र से आए बसेड़ा गांव के दो युवक कोरोना पॉजिटिव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम बसेड़ा पहुंची और पूरे मोहल्ले में सफाई कराकर उनके परिवार को घर में क्वारंटीन कर दिया। पूरे गांव का सर्वे शुरू करा दिया।
बसेड़ा निवासी दो युवक महाराष्ट्र से अपने घर आये थे। दो दिन गांव में रहने के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें बघरा में क्वारंटीन करा दिया। शुक्रवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर छपार पुलिस बसेड़ा पहुंची और उनके परिवार को घर में क्वारंटीन कर दिया। शनिवार को पुरकाजी अस्पताल के डाक्टरों व कर्मचारियों की टीम पहुंची। मोहल्ले में सफाई कराई। कई दर्जन आशा, आंगनबाड़ी, नर्सों व अन्य कर्मचारियों को लगाकर पूरे गांव में प्रत्येक घर में जाकर सर्वे शुरू करा दिया है। पुरकाजी से चिकित्सक सलीम ने बताया कि सभी कर्मी घर में जाकर पता करेंगे कि कितने लोग रहते हैं, कितने बाहर रहते है, कितने और कब बाहर से घर आये हैं। यही नहीं उनका थर्मल स्क्रीनिंग भी कराई जा रही है।