छुट्टी के दिन खुले रहे बैंक व नगरपालिका
देवबंद। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को नगरपालिका और बैंक खुले रहे। इस दौरान लोगों की भीड़ देखी गई।
लॉकडाउन के चलते पथ विक्रेताओं समेत सिलाई करने वाली महिलाओं को आर्थिक मदद देने के उद्देश्य से चलाई जा रही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण के रूप में दी जा रही आर्थिक मदद राशि को पाने के लिए शनिवार को भी नगरपालिका में लोगों की भीड़ रही। वहीं, बैंकों में भी आवेदक बड़ी संख्या में दिखाई दिए। शनिवार की छुट्टी के बावजूद इस योजना को लेकर एसडीएम राकेश कुमार सिंह ने बैंकों और नगरपालिका को खोलने के आदेश दिए थे, जिसके चलते बैंक और पालिका परिषद खुली रही। एसडीएम ने दोपहर के समय नगरपालिका पहुंच कर पूरे कार्य का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।