बुढ़ाना। फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के मरहूम पिता नवाबुद्दीन सिद्दीकी की स्मृति में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में बागपत जनपद के टीकरी नगर पंचायत की टीम प्रथम और बुढ़ाना की टीम द्वितीय रही। फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कस्बे के विभिन्न खेलों के 50 अन्य खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया।
कस्बा निवासी फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के मरहूम पिता नवाबुद्दीन सिद्दीकी की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। इसमें मुजफ्फरनगर, बागपत और दिल्ली की 24 टीमों ने भाग लिया। इसमें फाइनल मैच बुढ़ाना और बागपत की टीकरी नगर पंचायत टीम के बीच खेला गया। इस मैच में टीकरी की टीम ने बुढ़ाना की टीम को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दूसरे स्थान पर बुढ़ाना की टीम रही। विजेता टीम के खिलाड़ी टीकरी निवासी राजीव राठी और मनीष राठी, बुढ़ाना की द्वितीय रही टीम के खिलाड़ी नरेंद्र सैनी उर्फ टीटन और अनुज गर्ग को नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। तीसरे स्थान पर रही टीकरी की टीम के खिलाड़ी अजहर बेग और रवि शर्मा, चौथे स्थान पर रही बुढ़ाना की टीम के खिलाड़ी प्रवीण और अनिल को भी समारोह में पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
फाइनल के मैन ऑफ द मैच राजीव और सेमीफाइनल में मनीष और अजहर को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में कस्बे के विभिन्न खेलों के 50 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया। इसमें जनपद में सितंबर 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगे में कस्बे में अमन चैन का पैगाम देने वाले पूर्व चेयरमैन शाहबुद्दीन मुन्नन, लोकदल के वरिष्ठ नेता मा. नाहर सिंह, डॉ. अकमल राही, राजीव कुमार गर्ग, सुबोध त्यागी, रघुनंदन त्यागी,
धनप्रकाश त्यागी आदि को भी सम्मानपूर्वक याद किया। इस मौके पर फिल्म अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देने के बाद सभी खिलाड़ियों और कस्बे के युवाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा युवाओं को हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मैदान में आना चाहिए। उन्होंने कहा कस्बे के युवाओं को कस्बा निवासी नरेंद्र सैनी उर्फ टीटन और अनुज गर्ग से सीख लेनी चाहिए।