- गन्ना समिति की सामान्य निकाय की सभा में किसानों का हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना। सहकारी गन्ना विकास समिति बुढ़ाना की सामान्य निकाय की साधारण सभा में मौजूद किसानों ने हंगामा किया। चीनी मिल भैसाना के बकाया गन्ना भुगतान की समस्या से त्रस्त किसानों ने कहा कि वह भैसाना चीनी मिल को गन्ना नही देंगे। उनका गन्ना क्षेत्रफल इस चीनी मिल से काटकर अन्य चीनी मिल को आवंटित किया जाए।
सहकारी गन्ना विकास समिति बुढ़ाना के सभागार में रविवार को समिति की सामान्य निकाय की साधारण सभा का आयोजन हुआ। इस सभा में समिति के सभी डेलीगेट व क्षेत्र के सैकड़ों किसान मौजूद रहे। बैठक में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षण संजय कुमार, भैसाना चीनी मिल से देवेंद्र सिंह, खतौली चीनी मिल से कुलदीप राठी, तितावी चीनी मिल से धर्मवीर सिंह व थानाभवन चीनी मिल से अभिषेक श्रीवास्तव आदि गन्ना महाप्रबंधक मौजूद रहे।
बैठक में किसानों ने चीनी मिल भैसाना के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा उठाया। किसानों ने कहा कि बिजली के बिल की बकाया के कारण उनके कनेक्शन काटे जा रहे हैं। बैंक ऋण जमा न होने के कारण उनकी आरसी जारी की जा रही है। दूसरी ओर चीनी मिल भैसाना द्वारा किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान नही किया जा रहा है। नया सत्र चालू होने के कगार पर है। जबकि भैसाना चीनी मिल ने अभी तक जनवरी माह का भी पूरा भुगतान नही किया है। किसानों ने हंगामा करते हुए कहा कि वे भैसाना चीनी मिल को अपना गन्ना नही देंगे।
बैठक में सर्वसम्मति से नेहरू चिकित्सालय सदस्य हेतु 10 रुपये की कटौती, समिति कार्यालय भवन की मरम्मत व रंगाई पुताई आदि प्रस्ताव पास हुए। किसानों ने भैसाना चीनी मिल से शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई। इस मौके पर किसान धर्मपाल सिंह, सत्यवीर सिंह, सुबेसिंह, बिल्लू, राजू, किरणपाल, सुधीर कुमार, सुखबीर सिंह, बिजेंद्र, अरुण सैनी व कल्लन आदि सहित कई दर्जन किसान मौजूद रहे। बैठक का संचालन गन्ना समिति के सचिव ब्रिजेश राय ने तथा अध्यक्षता तेजपाल सिंह ने की।