मुजफ्फरनगर। गोरखपुर से मंगाई भारी मात्रा में नशीली दवाओं की बरामदगी के मामले में अदालत ने तीन आरोपियों को जमानत देने से इन्कार कर दिया। प्रकरण में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-7 ज्योति सिंह ने सुनवाई की।
19 मई को पुलिस ने खालापार थाना क्षेत्र के गहरा बाग में चेकिंग के दौरान कार सवार दो आरोपियों के कब्जे से नशीली दवाओं के दो कार्टून बरामद किए थे। इनमें ट्रामाडोल, हाइड्रोक्लोराइड एवं डाइक्लोमिन हाइड्रोक्लोराइड साल्ट से बने कैप्सूल्स थे।
विज्ञापन
पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद तीसरे आरोपी यशपाल को हिरासत में लेकर उसके गोदाम से नशीली दवाओं के 52 कार्टून (गत्ते के डिब्बे) बरामद किए। इनमें स्पासमोर कंपनी के कैप्सूल थे।
पुलिस ने खतौली के मोहल्ला जैन नगर निवासी अश्वनी शर्मा, दयालपुरा निवासी विनोद कुमार एवं नई मंडी के गांधी कॉलोनी निवासी यशपाल ग्रोवर को गिरफ्तार कर चालान किया।
बचाव पक्ष की ओर से न्यायालय में तीनों आरोपियों की जमानत अर्जी दाखिल की। पीठासीन अधिकारी ने पर्याप्त आधार नहीं पाते हुए तीनों की जमानत अर्जी निरस्त कर दी।