मुजफ्फरनगर। खतौली के गांव कैलावड़ा में सात वर्षीय बालक केशव की बलि उसकी चाची ने अपनी मां के साथ मिलीभगत कर पड़ोसी गांव के एक भगत के कहने पर दी थी। चाची के सिर उसकी तहेरी मृतक बहन का साया आता था। साये से छुटकारा पाने के लिए उसने मासूम केशव की गला घोंट कर हत्या कर दी। पुलिस ने चाची व उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। भगत को तलाशा जा रहा है।
एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने बताया कि 17 मई को कैलावड़ा गांव में रहने वाले तेजपाल के सात वर्षीय बेटे केशव का शव उनके घर में एक कमरे में पड़ा मिला था। पास में तंत्र क्रिया से संबंधित सामग्री व मंत्र लिखा पत्र मिला था। केशव की मां सीमा ने अपनी देवरानी अंकिता पत्नी हरीश पर केशव की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में आरोपी अंकिता व उसकी मां खतौली के गांव फहीमपुर खुर्द निवासी रीना पत्नी शिवकुमार को गिरफ्तार किया गया है जबकि पड़ोसी गांव चंदपुरी के रहने वाले भगत रामगोपाल की तलाश शुरू की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
-
इसलिए दिया घटना को अंजाम-
सीओ यतेंद्र नागर ने बताया कि अंकिता ने जानकारी दी है कि उसके ऊपर उसके ताऊ की बेटी कोमल का साया आता था। कोमल की मृत्यु करीब डेढ़ वर्ष पहले जहर खाने से हुई थी। साया दूर करने के लिए व अपनी मां रीना के साथ जाकर गांव चंदपुरी के रहने वाले भगत रामगोपाल से इलाज कराया था।
भगत रामगोपाल ने बताया था कि कोमल का साया दूर करने के लिए बच्चे की बली देनी होगी। उसने भगत रामगोपाल व अपनी मां रीना के कहने पर घर में नीचे अकेला देखकर केशव को पिछले कमरे में ले जाकर उसका पुराने दुपट्टा से गला दबाकर मार दिया था। इसके बाद उसने एक कागज के टुकड़े पर लाल रंग से लिखकर छत पर डाल दिया था, जिससे घर वालों को लगे कि यह किसी ऊपरी साये का काम है। उसने पहले भी लाल रंग से लिखे कागज घर पर डाले थे जिससे घर वालों को लगे कि घर पर किसी ऊपरी भूत प्रेत का साया है ।
सीओ ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद अंकिता से लिखवाकर देखा गया तो घर से प्राप्त लाल रंग से लिखे पर्चे अंकिता द्वारा लिखे पर्चे के लेख में मिल रहे थे। गांव वालों ने भी बताया कि अंकिता शादी के बाद से ही तंत्र मंत्र का काम करती व करवाती रही है। गांव वालों ने भी अंकिता के द्वारा ही केशव की हत्या का शक जाहिर किया।
सीओ ने बताया कि घर से लिक्विड सिंदूर की शीशियां भी बरामद हुई। उनमें जो रंग था, वह रंग बरामद पर्चों में मेल खा रहा था। घर से बरामद एक कापी के पन्ने से लाल रंग से लिखा हुआ पर्चा भी मेल खा रहा है ।
-
यह हुई बरामदगी-
- लाल रंग से लिखे दो कागज के टुकडे।
- हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा।
- तांत्रिक क्रियाओं का सामान।
- लाल रंग से भरी लिक्विड सिंदूर की शीशियां।
- एक कापी, जिसके पन्ने फटे हुए हैं।
- लाल रंग का सिंदूर।
-
दोषी पर कार्रवाई की मांग
खतौली। गांव कैलावड़ा कलां में केशव हत्याकांड में दोषी पर कार्रवाई तथा निर्दाेष लोगों पर कोई कार्रवाई न किए जाने की मांग को लेकर सैनी समाज के लोग थान पुलिस से मिले। प्रभारी निरीक्षक उमेश रोरिया ने इस हत्याकांड में दोषी पर ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पुलिस से मिलने वालों में गांव जोहरा के प्रधान श्रीमंदर सैनी, प्रमोद सैनी, निर्मल सैनी, ब्रज पाल सिंह, अरुण सैनी, राजपाल, पवन सैनी, संतराम आदि शामिल थे। संवाद