-शादी समारोह से लौटते समय खतौली में फलावदा मार्ग पर आर्यपुरी में हुआ हादसा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। फलावदा मार्ग पर मोहल्ला आर्यपुरी के निकट सड़क हादसे में गांव कढ़ली निवासी बाइक सवार कादिर (30) की मौत हो गई। वहीं उसका साथी दिनेश घायल हो गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
गांव कढ़ली निवासी कादिर अपने दोस्त गांव आदमपुर मोचड़ी निवासी दिनेश के साथ एक शादी समारोह में जानसठ के गांव कवाल गया था। बृहस्पतिवार सुबह बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। जब वह खतौली में फलावदा मार्ग पर आर्यपुरी के निकट पहुंचे तो किसी वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक फिसल गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने कादिर को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद दिनेश को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। गमगीन माहौल में शव को दफना दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक गांव में ही किरयाना की दुकान करता था। युवक की मौत से परिजनों में शोक व्याप्त है।