मंसूरपुर। बिजली गुल हो जाने से मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज तीन तीमारदार आधे घंटे तक लिफ्ट में फंसे रहे। बाद में बिजली सुचारू कराकर उन्हें निकाला गया। एक व्यक्ति लिफ्ट से बाहर निकलते ही बेहोश हो गया।
रविवार सुबह 11:30 बजे सहारनपुर के देवबंद निवासी मुमताज, रुकैया और प्रवेज मेडिकल में भर्ती रिश्तेदार का उपचार कराने आए थे। जब वह लिफ्ट में सवार होकर ऊपर जा रहे थे, तभी बिजली चले जाने से लिफ्ट बीच में बंद हो गई। उन्होंने अपने परिचितों को कॉल करने की कोशिश की, लेकिन नेटवर्क नहीं होने से फोन नहीं लगा ।
उन्होंने लिफ्ट में शोर मचाया तो अपने किसी रिश्तेदार से मिलने आए भारतीय किसान यूनियन किसान उत्थान के नेता तारीफ अली ने उनकी आवाज सुनीं। किसान नेता ने मेडिकल कर्मचारियों तथा अन्य लोगों को बताया। सभी लोग मौके पर पहुंचे और विद्युत आपूर्ति ठीक कर उनको बाहर निकाला गया। बाहर निकलते ही 67 वर्षीय मुमताज बेहोश होकर फर्श पर गिर पड़े। काफी देर बाद उन्हें होश आया तो लोगों ने राहत की सांस ली।
मुमताज ने बताया कि लाइट जाने से लिफ्ट का पंखा बंद हो गया था। गर्मी के कारण उनका दम घुट रहा था। लिफ्ट से बाहर निकलते ही उन्हें चक्कर आ गया। उनका कहना है कि लिफ्ट में इंटरकॉम की सुविधा होनी चाहिए। ऐसी स्थिति में जिससे बाहर फोन किया जा सके। वे लगभग 30 मिनट तक लिफ्ट के अंदर रहे।