खतौली (मुजफ्फरनगर)। जीटी रोड स्थित सीएनआई ऐफीफेनी चर्च के पादरी निर्मल जैकब पर कुछ लोगोें ने हमला की कोशिश की। आसपास के लोगों ने पादरी को बचाया। पुलिस ने एक हमलावर को हिरासत में ले लिया है। पादरी के अनुयायियों में घटना से आक्रोश व्याप्त है।
कस्बे के जीटी रोड स्थित चर्च के पादरी निर्मल जैकब शनिवार रात मिशन कंपाउंड होते हुए चर्च जा रहे थे। आरोप है कि मिशन कंपाउंड स्थित एक घर में रहने वाले कुछ लोगों ने मेन रास्ते पर कब्जा किया हुआ था, जिसे पादरी ने हटाने के लिए कहा। इसे लेकर हुई नोकझोंक के बाद गृहस्वामी ने साथियों के साथ मिलकर पादरी के साथ गाली-गलौच कर दी। आरोप है कि पादरी के साथ धक्का-मुक्की करते हुए हमला की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही पादरी के अनुयायी मौके पर जा पहुंचे और घटना पर आक्रोश जताते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया। थाना पुलिस द्वारा मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही जा रही है।
वार्ता कराने की बात कहकर पादरी को लौटाया
खतौली। अपने ऊपर हुए हमले की तहरीर देने पहुंचे पादरी को पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराने की बात कहकर लौटा दिया। पादरी निर्मल जैकब द्वारा मिशन कंपाउंड में रहने वाले परिवार के खिलाफ कई बार शिकायती पत्र थाना पुलिस को दिए जा चुके हैं। उनका कहना है कि दबंग परिवार द्वारा कई बार चर्च जाने वाले मार्ग पर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा चुका है। इस संबंध में कई बार थाना पुलिस के साथ ही अफसरों को भी जानकारी दी गई। आरोप है कि शुक्रवार को भी आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कभी भी कोई घटना होने की आशंका जताई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। शनिवार रात हुई घटना के मामले में जब वे तहरीर देने पहुंचे तो पुलिस ने दोनों पक्षों की वार्ता कराने की बात कही। इसके लिए सोमवार दोपहर को थाने में बुलाया भी गया है। सीओ आशीष प्रताप सिंह का कहना है कि किसी तरह की तहरीर नहीं आई है। दोनों पक्षों को सोमवार को थाने में वार्ता के लिए बुलाया गया है। यदि उनके बीच समझौता नहीं होता तो फिर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।