अंबा विहार में युवती से दुष्कर्म की कोशिश
मुजफ्फरनगर। शहर के मेरठ रोड स्थित एक कॉलोनी में दूसरे वर्ग के युवक ने युवती को बहाने से घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर युवती का मोबाइल छीनकर उसके साथ बेल्ट व लात-घूंसों से जमकर मारपीट कर दी। जान बचाकर युवती सुजड़ू गेट-वे चौकी पर पहुंची और घटना की जानकारी दी। इसी दौरान वहां पहुंचे बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।
भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी परिवार काफी समय से शहर के एक मोहल्ला में रहता है। इस परिवार की बेटी का अंबा विहार निवासी दूसरे वर्ग के युवक से परिचय था। पीड़िता के अनुसार बुधवार शाम के समय आरोपी युवक उसे बहाने से अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने युवती का मोबाइल छीन लिया और बेल्ट व लात-घूंसों से उसके साथ बुरी तरह से मारपीट कर दी। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के कुछ लोग वहां पहुंचे तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया, जिसके बाद पीड़िता घर से निकलकर गेट-वे सुजडू चौकी पर पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसी दौरान मामले की जानकारी एडीजीसी प्रवीण कुमार ने बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक को दी, जिस पर विधायक तत्काल पुलिस चौकी पहुंचे। घटनास्थल शहर कोतवाली क्षेत्र का बताए जाने पर शहर कोतवाली पुलिस को भी वहां बुलाने के बाद आरोपी के घर पर दबिश दी गई, जहां से छात्रा से छीना गया उसका मोबाइल बरामद कर लिया गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
इन्होंने कहा......
सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि युवती की दूसरे वर्ग के युवक से पहले से जान पहचान थी। बुधवार शाम युवक उसे अपने घर ले गया था, जहां युवती के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।