दहेज न मिलने पर महिला की हत्या का प्रयास
मुजफ्फरनगर। दहेज में पांच लाख न मिलने पर ससुराल में विवाहिता के साथ मारपीट की गई और गला दबाकर हत्या का प्रयास भी किया गया। आरोप है कि जेठ द्वारा दुष्कर्म का प्रयास भी किया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी करीब चार साल पूर्व हुई थी। आरोप है कि दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा लगातार विवाहिता का उत्पीड़न किया जाता था। पीड़िता के अनुसार, 15 मार्च को जेठ द्वारा पति की गैर मौजूदगी में उसे कमरे में खींचकर छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया गया। किसी प्रकार पीड़िता ने खुद को बचाया। जब उसने पति के घर लौटने पर उसे घटना की जानकारी दी तो आरोपी ने उसे ही मुंह बंद रखने की धमकी दी।
आरोप है कि 20 मार्च को पति व जेठ ने सास सरोज व ससुर भागमल के साथ मिलकर पहले तो उसके साथ मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर विवाहिता की जान बचाई। इसके बाद पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने पति, जेठ व सास, ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।