युवक को अगवा करने की कोशिश
मुजफ्फरनगर। फाइबर केबल कनेक्शन लगाने को लेकर बुधवार शाम युवक मनीष को कुछ युवकों ने सरेराह बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद उसे जबरन कार में डालकर अगवा करने का प्रयास किया गया। राहगीरों के शोर मचाने पर आरोपियों ने घायल युवक को थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हमलावर पक्ष के दो युवकों को हिरासत में लिया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला शिक्षक कॉलोनी निवासी एसबीआई कर्मचारी वेदपाल का बेटा मनीष वाई-फाई कनेक्शन लगाने का काम करता है। बुधवार शाम वह महावीर चौक स्थित ऑफिस से बाइक से रोडवेज बस स्टैंड के सामने वाली गली से होते हुए रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। इसी दौरान कई बाइकों पर आए कुछ युवकों ने उसे रोककर मारपीट करते हुए बुरी तरह से घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर युवक को उसी की बाइक पर बीच में बैठाकर रोडवेज स्टैंड पर पहुंचे और वहां पहले से खड़ी कार में डालकर अगवा करने का प्रयास किया। हमलावरों की कार महावीर चौकी की तरफ जाते देख राहगीरों ने शोर मचा दिया, जिस पर हमलावर मनीष को लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंचे और घायल को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने भी हमलावरों के दबाव में घायल युवक को ही हिरासत में ले लिया, जिसका युवक के परिजनों ने विरोध किया। मामला बढ़ता देेख थाना पुलिस ने दो हमलावरों को भी हिरासत में ले लिया। देर रात तक दोनों पक्ष थाने में ही मौजूद थे।