-राजकीय संग्रहालय में 20 दिवसीय कला कार्यशाला का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। महावीर चौक स्थित राजकीय शैक्षणिक संग्रहालय में उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी लखनऊ की ओर से संचालित 20 दिवसीय चित्रकला कार्यशाला शुभारंभ हुआ। प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार त्यागी ने कला की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कहा कि कला एक विषय ना होकर जीवन पद्धति है।
राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार त्यागी, महेन्द्र आचार्य, रजनीश गौतम, अनुराधा वर्मा, ब्रह्मप्रकाश ने कार्यशाला का उद्घाटन किया। संस्कार भारती मेरठ प्रांत के उपाध्यक्ष महेन्द्र आचार्य ने भारतीय संस्कृति में कला की महत्ता बताई। कहा कि भारतीय इतिहास, संस्कृति को समझना है तो कला उसका सशक्त माध्यम है।
प्रथम दिवस पर मुजफ्फरनगर की युवा चित्रकार शगुफ्ता, सीमा त्यागी ने पोट्रेट की बारीकियां सिखाई। केके इन्टर कॉलेज बघरा के कला प्रवक्ता अशोक कुमार ने मानव चित्रण के अनुपात के बारे में अवगत कराया। डीएवी इन्टर कॉलेज के कला प्रवक्ता प्रवीण कुमार सैनी ने जल रंग में दृश्य चित्रण की बारीकियां समझाई।
कार्यक्रम संयोजक अनिल कुमार ने बताया कि यह शिविर 20 जून तक चलेगा। स्थानीय चित्रकारों के साथ साथ उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों के चित्रकार मूर्तिकार प्रत्येक दिन विभिन्न कलाओं का प्रशिक्षण देंगे।