सेना के सूबेदार की गंगनहर में गिरकर मौत
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। लक्सर रोड स्थित सेना के ट्रेनिंग सेंटर के सामने धमात गंगनहर पुल के निकट बनाया गया सेना का अस्थायी पुल मंगलवार शाम अचानक टूट गया। पुल टूटने से सेना के सूबेदार गंगनहर में गिर गए, जिनका बुधवार को शव बरामद किया गया।
कस्बे के लक्सर रोड पर सेना का ट्रेनिंग कैंप है, जहां सैनिकों को धमात गंगनहर पुल के निकट अस्थायी पुल बनाने व उसे तोड़ने की ट्रेनिंग दी जाती है। मंगलवार देर शाम अचानक उक्त अस्थायी पुल टूट गया, जिससे पुल पर मौजूद सेना के सूबेदार जनपद रायबरेली निवासी रामशंकर (50) गंगनहर में गिर गए। एसपी सिटी अर्पित विजय वर्गी ने बताया कि मंगलवार रात से ही सूबेदार की तलाश गंगनहर में की जा रही थी। बुधवार को सूबेदार का शव बरामद कर लिया गया, जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में सेना अफसरों की ओर से दी गई तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है।