मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के गांव कासमपुर खोला निवासी अपनी पत्नी की हत्या कर मामले को सड़क दुर्घटना दर्शाने वाले आरोपी पति फौजी मनोज उर्फ मोनू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से घटना के बारे में पूछताछ कर रही है।
क्षेत्र के गांव कासमपुर खोला निवासी फौजी मनोज उर्फ मोनू पुत्र अजब सिंह ने तीन अप्रैल की सुबह पत्नी आकांशा उर्फ पूजा की हत्या कर मामले को सड़क दुर्घटना दर्शाया था। अपने आप को सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना देकर वह मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती हो गया था। जनपद मेरठ के थाना मवाना के गांव मीवा निवासी महिला के पिता सुभाष ने फौजी पति मनोज, ससुर अजब सिंह, सास मिथलेश, चाचा बाबू, बहनोई लवकुश के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने एक दिन पूर्व तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया था। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी फौजी पति को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर मीरापुर दिनेश चंद्र ने बताया कि मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। गिरफ्तार आरोपी फौजी से घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है।