बेटियां अनमोल हैं, दूसरों का घर भी करती हैं रोशन
भोपा। अमर उजाला फाउंडेशन की अनूठी पहल अपराजिता: 100 मिलियन स्माइल्स के तहत जनता इंटर कॉलेज भोपा में बालिका सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इस दौरान छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के साथ ही उन्हें आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य को प्राप्त करने के टिप्स दिए गए। वक्ताओं ने कहा कि बेटियों की सफलता से ही समाज और परिवार का सम्मान जुड़ा है। समारोह में शपथपत्र भरते हुए छात्राएं, शिक्षक, शिक्षिकाएं, पुलिस विभाग आदि अपराजिता अभियान से जुड़े। मोरना स्वास्थ्य केंद्र के डॉ नसीब आलम ने छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधित जानकारी दी। आयरन और कैल्शियम आदि दवाइयां भी वितरित की गई।
इस कार्यक्रम में भोपा थाने के सब इंस्पेक्टर मोहम्मद वासिक सिद्दीकी, सब इंस्पेक्टर सीपी सिंह, सब इंस्पेक्टर चतर सिंह और शेर सिंह ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर बताए। वक्ताओं ने कहा बेटियां एक दीपक की तरह होती हैं, जो दूसरों को रोशनी प्रदान करती हैं। एनसीसी अधिकारी अरविंद कुमार व रमन सिंह सहित उप प्रधानाचार्य मान पाल सिंह, विपिन कुमार, सुमित कुमार, अनीश कुमार, सुचित्रा, मंजू, रीनू, शालिनी, शिवानी, राणा प्रताप आदि ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर वह शिक्षित बनने के लिए प्रेरित किया। कांस्टेबल नौशाद अली, मनोज कुमार, शारदा पाल, बाबू अवतार सिंह, ऋषि पाल सिंह ताराचंद आदि उपस्थित रहे।