भाकियू ने सुरानी गांव में बैठक कर महापंचायत में पहुंचने का निर्णय लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) और संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से 17 सितंबर को मुजफ्फरनगर में प्रस्तावित महापंचायत को लेकर गांव सुरानी में किसानों की बैठक हुई। इसमें किसानों ने बड़ी संख्या में ट्रैक्टर और वाहनों के साथ मुजफ्फरनगर कूच करने का निर्णय लिया।
भाकियू पदाधिकारी विनोद सुरानी ने कहा कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए किसानों को गन्ने का उचित मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने किसानों से 17 सितंबर को मुजफ्फरनगर में होने वाली महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों से महापंचायत में शामिल होंगे।
महकार दौराला ने कहा कि सुरानी ऐतिहासिक गांव है। यहां के किसान बड़ी संख्या में महापंचायत में पहुंचकर अपनी मांगों को मजबूती से उठाएंगे। किसानों ने सरकार से गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता वेदपाल प्रधान ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव अंकित दांगी ने किया। इस दौरान खादर क्षेत्र से सरदार जीवन सिंह, हरजीत सिंह, लोकेश सिवाच, दीपक घोपला, अर्जुन, उपेंद्र प्रधान, विनीत सांगवान, मिंटू, जोनी प्रधान, राजकुमार और प्रशांत समेत अन्य किसान मौजूद रहे।