- परिवारों में खुशी का माहौल, रिश्तेदार और संबंधी दे रहे बधाइयां
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा 2022 के नतीजों में जिले के युवाओं ने प्रतिभा साबित की। होनहार बेटी अंकिता त्यागी और आंचल मलिक के अलावा अर्पित त्यागी ने सफलता हासिल की। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने नतीजे घोषित किए, जिसके बाद कामयाबी पर खुशी का माहौल है। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। अर्पित त्यागी के पिता और अंकिता त्यागी के भाई-भाभी पहले से ही जज हैं।
आखलौर की अंकिता त्यागी ने पाई 45वीं रेंक
फोटो समाचार
पीसीएस जे की परीक्षा में सफलता पाने वाली गांव आखलौर की अंकिता त्यागी ने अपने भाई अंकित कुमार और भाभी शिवानी से प्रेरणा ली है। दोनों मिर्जापुर में जज हैं। अंकिता के पिता वीरेश त्यागी रोहाना के अमृत इंटर कॉलेज में शिक्षक रहे हैं। बेटे और बहू के बाद बेटी के चयन से प्रफुल्लित हैं। घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। अंकिता अपनी माता पवन त्यागी और बीएस त्यागी का सहयोग भी मानती हैं। 45वीं रैंक पाने वाली अंकिता ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट एसडी पब्लिक स्कूल से किया है। बीए एलएलबी लखनऊ की डॉ. राममनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से की है। एलएलएम कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से किया है।
पिता से प्रेरणा ले बेटा बना जज
फोटो समाचार
खतौली क्षेत्र के नावला निवासी अर्पित त्यागी ने अपने पिता से प्रेरणा लेकर पीसीएस जे की परीक्षा में सफलता अर्जित की है। सफलता से गांव नावला में खुशी का माहौल है। मूल रूप से गांव नाला के रहने वाले अर्पित त्यागी के पिता प्रमोद त्यागी संत कबीर नगर जिले में अपर जिला जज हैं। अर्पित त्यागी ने अपने पिता से प्रेरणा लेेते हुए पीसीएस जे की परीक्षा उत्तीर्ण की है। अर्पित के मामा बरला के अंकुर ने बताया कि पीसीएस जे में चयन से परिवार और समाज में खुशी है। अर्पित अपनी मां पिंकी त्यागी और पिता प्रमोद त्यागी को सफलता का श्रेय देते हैं।
खरड़ की आंचल मलिक बनीं जज, 159वीं रैंक पाई
फोटो समाचार
बुढ़ाना। गांव खरड़ की रहने वाली आंचल मलिक ने पीसीएस-जे के परिणाम में 159 वां स्थान प्राप्त किया। वह जज बन गई। बेटी के जज बनने से परिवार में खुशी का माहौल है। फुगाना थाना क्षेत्र के गांव खरड़ निवासी आंचल मलिक के पिता नरेंद्र कुमार मलिक मंडी समिति में उप-निदेशक के पद से सेवानिवृत हुए हैं। वर्तमान में वह किसान इंटर कॉलेज खरड़ की प्रबंध समिति में प्रबंधक है। आंचल ने प्राथमिक शिक्षा नैनीताल के ऑल सेंट कॉलेज से प्राप्त की। दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीकॉम किया। नोएडा से एलएलबी तथा मेरठ कॉलेज मेरठ से एलएलएम किया। आंचल ने प्रथम प्रयास में ही पीसीएस-जे की परीक्षा पास कर 159वां स्थान प्राप्त किया। आंचल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता नरेंद्र कुमार मलिक व माता अंजू मलिक को दिया है। परीक्षा परिणाम आते ही आंचल ने अपनी दादी सुखदेई के पैर छूकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर हनी मलिक, चैन सिंह वर्मा, प्रभात कुमार, महक सिंह, सुभाष मलिक, नरेंद्र, योगेंद्र मलिक, संजू मलिक व कालू मलिक मौजूद रहे।
न्यायिक सेवा में चायनित --अंकिता त्यागी।
न्यायिक सेवा में चायनित --अंकिता त्यागी।