मुजफ्फरनगर। शहर कोेतवाली पुलिस की पशु चोर गिरोह के सदस्य कांधला निवासी कैफ उर्फ सूफियान के साथ मुठभेड़ हो गई। आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी पशु चोर शामली जनपद के तीन थानों में दर्ज तीन मुकदमों में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस व चोरी की बाइक बरामद की है।
शहर कोतवाली की वहलना चौकी पुलिस टीम शामली बाइपास काली नदी पर दोपहर में चेकिंग कर रही थी। तभी वहलना चौराहे से शाहपुर चौराहे की तरफ जा रहे बाइक सवार को पुलिस ने रोकना चाहा तो उसने फायर करते हुए बाइक को गांव मीरापुर के सामने रजबहे की पटरी पर दौड़ा दिया।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो वह जंगल के रास्ते बुढ़ाना मोड से शाहपुर चौराहे की तरफ जाने वाली सड़क पर पहुंचा और रेलवे पुल के बराबर से चकरोड़ की तरफ भागने लगा। आगे जाकर उसकी बाइक फिसल गई। वहां घेराबंदी व फायरिंग में आरोपी कांधला के मोहल्ला खैल निवासी कैफ उर्फ सूफियान पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उससे तमंचा, दो कारतूस, एक खोखा व बिना नंबर की चोरी की बाइक बरामद की। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीओ सिटी आइपीएस व्योम बिंदल व शहर कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह चौहान मौके पर पहुंचे।
सीओ ने बताया कि आरोपी शातिर पशु चोर है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं। शामली जनपद के थाना बाबरी, थानाभवन व कांधला थाने में दर्ज चोरी के तीन मामलों में वह एक साल से वांछित चल रहा है। शहर के किदवईनगर में उसकी ससुराल है। पूर्व समय में उसकी कुर्की भी हो चुकी है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।